देवबंद। आगामी 6 सितंबर को सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रस्तावित जनसभा को सफल बनाने के लिए देवबंद विधानसभा क्षेत्र में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रैली में देवबंद विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व गन्ना समिति अध्यक्ष परविंद्र कुमार तथा उनके साथियों को सौंपी गई है। क्षेत्र से करीब 150 वाहनों को रैली में ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी क्रम में सोमवार को परविंद्र कुमार ने अपने साथियों के साथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया। उन्होंने जुड्डा, गंगदासपुर, चौंदाहेड़ी, दुगचाड़ा और जटोला समेत कई गांवों में पहुंचकर लोगों को सहारनपुर में होने वाली अखिलेश यादव की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का निमंत्रण दिया। ग्रामीणों से रैली में बसों के माध्यम से पहुंचने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटना होगा।
परविंद्र कुमार ने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को सम्मान और समान अवसर देने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और आने वाला समय समाजवादी पार्टी का होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर लोगों को पार्टी की नीतियों और जनसभा के उद्देश्य से अवगत कराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर में होने वाली अखिलेश यादव की जनसभा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी। देवबंद विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। जनसंपर्क अभियान में झबलसिंह वाईस चेयरमैन सहकारी बैंक सहारनपुर, डॉ. अजीत सिंह, कृष्णपाल प्रधान, सुरेंद्र सिंह मंदारी और सतीश प्रधान शिवपुर समेत अन्य कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। सपा नेताओं ने दावा किया कि आने वाले दिनों में विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों में भी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को रैली में पहुंचने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
सपा की ओर से देवबंद विधानसभा क्षेत्र में 150 वाहनों का लक्ष्य तय किए जाने से स्पष्ट है कि पार्टी 6 सितंबर की जनसभा में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में जुटी है। गांव-गांव चल रहे जनसंपर्क अभियान को इसी रणनीति की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
समीर चौधरी।

0 Comments