सपा प्रमुख अखिलेश यादव की जनसभा की तैयारियों में जुटे परविंदर कुमार, गांव-गांव किया जनसंपर्क।

देवबंद। आगामी 6 सितंबर को सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रस्तावित जनसभा को लेकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं गन्ना समिति देवबंद के पूर्व चेयरमैन परविंदर कुमार ने रविवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर लोगों को जनसभा में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
परविंदर कुमार के नेतृत्व में गांव मझोल, कपुरी, जगदई, जटोल, तैयबपुर, भनेड़ा सहित अन्य गांवों में संपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से भारी संख्या में सहारनपुर पहुंचकर अखिलेश यादव की जनसभा को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि देवबंद विधानसभा क्षेत्र से करीब 150 बसों के माध्यम से लोगों को जनसभा में ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी जिम्मेदारी पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं गन्ना समिति देवबंद के पूर्व चेयरमैन परविंदर कुमार सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को दी गई है।
इस दौरान परविंदर कुमार ने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से जनता परेशान हो चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों ने युवाओं और आम लोगों के सामने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहारनपुर पहुंचकर जनसभा को सफल बनाने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सहारनपुर कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन झबल सिंह वाइश, डॉ. अजीत सिंह, कृष्णपाल प्रधान, सुरेंद्र सिंह मंदारी, सतीश प्रधान शिवपुर सहित सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

समीर चौधरी।

Post a Comment

0 Comments

देश