देवबंद। आगामी 6 सितंबर को सहारनपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्रस्तावित महारैली को सफल बनाने के लिए पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं गन्ना समिति देवबंद के पूर्व चेयरमैन परविंदर कुमार लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
मंगलवार को परविंदर कुमार ने साथियों के साथ देवबंद विधानसभा क्षेत्र के गांव शहापुर, गंगोली गुर्जर, डंघेड़ा, रणमलपुर, गंझेड़ी और पहुपुर आदि गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को 6 सितंबर को सहारनपुर में होने वाली अखिलेश यादव की महारैली में बसों के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों में महारैली को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर परविंदर कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव की महारैली ऐतिहासिक होगी और सहारनपुर सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के प्रति जनता के बढ़ते समर्थन का संदेश देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, युवा और व्यापारी वर्ग परेशान है और जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को महारैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि देवबंद विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग सहारनपुर पहुंचकर अखिलेश यादव के विचारों को सुनेंगे और महारैली को सफल बनाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान परविंदर कुमार गांव मुकंदपुर में चौधरी बारू सिंह की रस्म पगड़ी में भी शामिल हुए और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
समीर चौधरी।

0 Comments