देवबंद: बेनिसन स्कूल, देवबंद में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष डिबेट (वाद-विवाद) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तर्क-वितर्क की क्षमता, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल तथा मंच पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की कला का विकास करना था।
प्रतियोगिता में कक्षाओं के स्तर के अनुसार अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए। कक्षा 1 से 4 के विद्यार्थियों के लिए दो रोचक विषय रखे गए: “Fruits Are Better Than Chocolate” (फल चॉकलेट से बेहतर हैं) तथा “Reading Books Is Better Than Watching TV” (किताबें पढ़ना टीवी देखने से बेहतर है)। विद्यार्थियों ने इन विषयों के पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करते हुए स्वस्थ खान-पान, पढ़ने की आदत और मनोरंजन के विभिन्न माध्यमों पर अपने तर्क दिए।
कक्षा 5 एवं 6 के विद्यार्थियों के लिए विषय “Using Mobile Phones Is Good or Bad” (मोबाइल फोन का उपयोग अच्छा है या बुरा) रखा गया। विद्यार्थियों ने मोबाइल फोन के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
वहीं कक्षा 7 एवं 8 के विद्यार्थियों के लिए विषय “Technology Is Making Students Smarter” (क्या तकनीक विद्यार्थियों को अधिक स्मार्ट बना रही है?) रखा गया। विद्यार्थियों ने शिक्षा में तकनीक की भूमिका तथा विद्यार्थियों के जीवन पर उसके प्रभाव को अपने-अपने तर्कों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
कक्षा 1 से 4 के विद्यार्थियों में अहमद, हलीमा, अज़हान, अभिराज, ज़ुहरा, इंशा, अब्दुल बारी, माहिरा एवं अल्तमश ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। वहीं कक्षा 5 से 8 के विद्यार्थियों में अवनी, अहमद, इनाया, अब्दुल अहद, अदीबा, नमरा, आयरा एवं हुम्ना ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने विषयों के पक्ष एवं विपक्ष में तार्किक विचार रखते हुए अपनी अभिव्यक्ति क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, विचारों की स्पष्टता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना देखने को मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनम इनाम, गुलफशा गौर, उदिता, महक, सायबा, संजय, आसिफ, सुम्बुल, अभिषेक चौधरी एवं धीरज भास्कर का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विषय की तैयारी कराने के साथ-साथ अपने विचार स्पष्ट, तार्किक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए मार्गदर्शन दिया।
विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। डिबेट प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में तर्क करने, सुनने, विचार व्यक्त करने और आत्मविश्वास के साथ संवाद करने जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित होते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री श्रीकांत चौधरी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। मंच पर अपने विचार रखने का अभ्यास विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मजबूत करता है और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।
विद्यालय के निदेशक श्री नदीम चौधरी एवं प्रबंधिका डॉ. शाइस्ता चौधरी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षकों के मार्गदर्शन की प्रशंसा की तथा विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समीर चौधरी।

0 Comments