देवबंद। हापुड़ में 'जनवाणी' समाचार पत्र के संवाददाता नसीम अहमद की हत्या के विरोध में प्रेस क्लब देवबंद के कार्यालय पर एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के उत्पीड़न और सुरक्षा को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुमताज अहमद मलिक ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मृतक पत्रकार के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।
महामंत्री ओमवीर सिंह बोकाडिया ने कहा कि पत्रकार बिना किसी भय और दबाव के काम कर सकें, इसके लिए सरकार को ठोस सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए। वहीं, कोषाध्यक्ष असद सिद्दीकी और सह-कोषाध्यक्ष सिकंदर गौर ने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्यारोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA/रासुका) के तहत कार्रवाई की जाए।
सचिव महताब आजाद ने कहा कि पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना जरूरी है, ताकि अपराधियों में कानून का डर कायम हो सके।
बैठक में मुमताज अहमद मलिक, ओमवीर सिंह बोकाडिया, असद सिद्दीकी, सिकंदर गौर, महताब आजाद, राजकुमार जाटव, मनसब अली, सुनील चौधरी, राहुल नौसरान, अजीत त्यागी, कुलदीप कश्यप, अजय अग्रवाल, समीर चौधरी और शकील अहमद सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।

0 Comments