मानव कल्याण मंच की महिला मंडल शाखा ने अपना घर आश्रम में सेवा कार्य कर दिया मानवता का संदेश।

देवबंद: देवबंद की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था मानव कल्याण मंच की महिला मंडल शाखा द्वारा ‘नर सेवा नारायण सेवा’ के भाव को साकार करते हुए आज शुक्रताल धाम स्थित अपना घर आश्रम में सेवा कार्य किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों ने शारीरिक और मानसिक रूप से असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए भोजन वितरण, सहयोग और सेवा कार्य कर मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की।
अपना घर आश्रम के संचालक अजय मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि आश्रम में इस समय लगभग 450 प्रभुजी निवास कर रहे हैं, जिनकी सेवा वर्ष 2018 से निरंतर की जा रही है। उन्होंने बताया कि यहां रहने वाले सभी प्रभुजी शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर हैं तथा अपनी सहायता करने में असमर्थ हैं। आश्रम का उद्देश्य ऐसे लोगों को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि “इन्हीं लोगों की सेवा करना ही सच्चे अर्थों में मानव सेवा है।”
मंच के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से अक्षम व्यक्तियों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य कार्य इस संसार में नहीं है। उन्होंने कहा कि मंच की टीम लगातार “नर सेवा ही नारायण सेवा” के भाव से निर्धनों, असहायों और जरूरतमंदों की सेवा करती रहेगी।
महिला मंडल की पूर्व अध्यक्षा श्रीमती प्रतिभा जैन ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। जब हम किसी निर्धन या असहाय की मदद करते हैं तो इससे समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार अक्षम लोग सही अवसर और मार्गदर्शन के अभाव में पीछे रह जाते हैं, इसलिए हमें उनकी सहायता के लिए आगे आना चाहिए। महिला मंडल महासचिव श्रीमती ममता वर्मा ने कहा कि मंच का महिला मंडल भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा और सहयोग के कार्य करता रहेगा ताकि समाज में जरूरतमंद लोगों को संबल मिल सके।

इस अवसर पर राजीव शर्मा, राजू सैनी, श्रीमती अलका गुप्ता, रोजी कोर, कोषाध्यक्ष मीनू शर्मा, पूनम कौशिक, अंजलि त्यागी, रीता सिंह, सुरभि अग्रवाल, प्रमोद मित्तल, धनंजय भटेजा, चन्द्रप्रकाश गाबा, जितेन्द्र कश्यप आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश