लोक जनशक्ति पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूत संगठन के लिए संकल्पबद्ध : राघव दास, पैरा ओलंपिक वॉलीबाल चैंपियनशिप सितंबर में दिल्ली में आयोजित होगी, सहारनपुर मंडल में पूजा गर्ग को मिली नई जिम्मेदारी।

देवबंद: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) के राष्ट्रीय महासचिव एवं भारत सरकार द्वारा नवनियुक्त पैरा ओलंपिक वॉलीबाल चेयरमैन राघव दास ने कहा कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने का कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लोक जनशक्ति पार्टी आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभाएगी।
वे गुरुवार को कैलाशपुरम कॉलोनी स्थित अपने आवास पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। राघव दास ने बताया कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी के न सिर्फ बिहार, बल्कि नागालैंड और छत्तीसगढ़ में भी विधायक हैं, जो पार्टी के बढ़ते जनाधार का प्रमाण है।
राघव दास ने आगे कहा कि वल्र्ड पैरा ओलंपिक वॉलीबाल चैंपियनशिप का आयोजन सितंबर माह में दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा, जिसमें दुनिया के 130 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। यह आयोजन भारत के लिए एक गर्व का विषय है, और देश में दिव्यांग खिलाड़ियों के हौसले को नई उड़ान देने का कार्य करेगा।
इस दौरान सहारनपुर मंडल में संगठन को सशक्त करने के उद्देश्य से समाज सेविका पूजा गर्ग को लोक जनशक्ति पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया। राघव दास ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा और अधिक सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव कपिल जैन, वरिष्ठ नेता ऋषि कपूर, अजय कुमार, अंकुर गर्ग सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।नकार्यक्रम के अंत में पीसी में मौजूद स्थानीय पत्रकारों को उनकी सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राघव दास ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और निष्पक्ष पत्रकारिता से ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।

समीर चौधरी।

Post a Comment

0 Comments

देश