मुस्लिम महिलाओं को प्रताड़ित करने वाली "बुली बाई" ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने की पहली गिरफ्तारी।

मुस्लिम महिलाओं को प्रताड़ित करने वाली "बुली बाई" ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने की पहली गिरफ्तारी।
मुंबई: मुस्लिम महिलाओं को प्रताड़ित करने वाली "बुली बाई" ऐप मामले में मुंबई पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है।
लाइव हिंदुस्तान की खबर के अनुसार, मुंबई पुलिस साइबर सेल ने 'बुलीबाई' ऐप मामले में बेंगलुरु के एक 21 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया है। 
मुंबई पुलिस ने सोमवार को ये जानकारी दी। इससे पहले महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल ने सोमवार को पुलिस को "बुली बाई" ऐप के डेवलपर्स के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था जिसके बाद इस मामले में ये पहली बड़ी कार्रवाई है। मुंबई पुलिस साइबर सेल ने 'बुली बाई' ऐप मामले में बेंगलुरु से जिस 21 वर्षीय आरोपी को पकड़ा है वह एक इंजीनियरिंग छात्र है।
उधर इस मामले में दिल्ली पुलिस भी हरकत में आ गई है और दिल्ली पुलिस ने ट्विटर को हिदायत दी है कि इस तरह की सभी सामग्री अपने प्लेटफार्म से हटाए और इस तरह के मामले की जानकारी पुलिस को दे।
गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल ने कहा, "मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हालांकि हम इस समय विवरण का खुलासा नहीं कर सकते क्योंकि इससे चल रही जांच में बाधा आ सकती है, मैं सभी पीड़ितों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम अपराधियों का लगातार पीछा कर रहे हैं और वे जल्द ही कानून का सामना करेंगे।" 'बुली बाई' ऐप मामले पर मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से हिरासत में लिए गए संदिग्ध की उम्र के अलावा उसकी पहचान का खुलासा नहीं किया है। पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मुंबई पुलिस सूत्रों ने कहा कि आरोपी छात्र एक आपत्तिजनक ट्विटर हैंडल चला रहा था और कंटेंट अपलोड कर रहा था।

Post a Comment

0 Comments

देश