बीजेपी को अलविदा कर आरएलडी में शामिल हुए पूर्व विधायक मनोज चौधरी, अब देवबंद सीट के बदलेंगे समीकरण।

बीजेपी को अलविदा कर आरएलडी में शामिल हुए पूर्व विधायक मनोज चौधरी, अब देवबंद सीट के बदलेंगे समीकरण।

देवबंद/ सहारनपुर: देवबंद के पूर्व विधायक और बीजेपी के वरिष्ठ नेता रहे मनोज चौधरी ने भाजपा को अलविदा कह कर अपनी पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ आरएलडी की सदस्यता ली। उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख जयंत चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात करके पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बताया जा रहा है कि मनोज चौधरी आगामी विधानसभा चुनाव आरएलडी के टिकट पर देवबंद से लड़ना चाहते हैं जहां से वह 2007 में बसपा के टिकट से विधायक चुने गए थे।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सहारनपुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गायत्री देवी एवम देवबंद से पूर्व विधायक और बीजेपी नेता मनोज चौधरी ने अपने सैंकड़ों समर्थको के साथ राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह से मिल कर रालोद की सदस्यता ग्रहण की। 

मनोज चौधरी ने एक दिन पहले ही देवबंद में एक सर्वधर्म के लोगों की बैठक बुलाकर बीजेपी को छोड़कर राष्ट्रीय लोक दल में जाने और देवबंद विधानसभा से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। समर्थकों संग बैठक के दौरान पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने भाजपा से नाराजगी जताई थी साथ ही कहा था कि वह जयंत चौधरी से मिलकर राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होंगे और उसी दौरान देवबंद विधानसभा से प्रत्याशी के रुप में उनके नाम की घोषणा भी कर दी जाएगी। मनोज चौधरी ने बताया कि इस संबंध में उनकी जयंत चौधरी से वार्ता हो चुकी है।

गौरतलब है कि मनोज चौधरी वर्ष 2007 में बसपा के सिंबल पर देवबंद विधानसभा से चुनाव लड़े और विधायक बने थे। जिसके बाद उन्होंने हाथी से उतर भाजपा का दामन थाम लिया और वर्ष 2017 में सहारनपुर देहात से भाजपा से चुनाव लड़े थे। लेकिन इसमें वह हार गए थे।

मनोज चौधरी की देवबंद सीट पर एंट्री से एक बार फिर यहां का राजनीतिक माहौल बदलना तय है क्योंकि बसपा ने पहले ही एक गुर्जर बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले राजेंद्र चौधरी को अपना प्रत्याशी बनाने की घोषणा कर दी है अब उसी बिरादरी से मनोज चौधरी का नाम भी सामने आने लगा है, साथ ही बताया जा रहा है कि सपा और रालोद का गठबंधन होने पर देवबंद सीट रालोद के खाते में जाने की ज्यादा संभावना है हालांकि अभी आधिकारिक ऐसी कोई घोषणा नहीं है, लेकिन इसको देखते हुए ही मनोज चौधरी ने अपनी तैयारियां आरंभ की हैं। बता दें कि गठबंधन ना होने यह सीट आरएलडी पर ना जाने पर समाजवादी पार्टी किसी ठाकुर या मुस्लिम पर भरोसा जता सकती है, वहीं बीजेपी के वर्तमान विधायक का टिकट भी लगभग फाइनल बताया जा रहा है। हालांकि बीजेपी और समाजवादी पार्टी में देवबंद विधानसभा से टिकट लेने के दावेदारों की फेहरिस्त काफी लंबी है।

रिपोर्ट: समीर चौधरी/ महताब आजाद।

Post a Comment

0 Comments

देश