देवबंद। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को बुलडोज किए जाने की घटना के बाद शुक्रवार को देवबंद में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। घटना के बाद पहला शुक्रवार होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। दारुल उलूम क्षेत्र समेत मुस्लिम बहुल इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की। अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
विशेष रूप से रशीद मस्जिद और जामा मस्जिद के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा दारुल उलूम क्षेत्र, प्रमुख चौराहों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग जुमे की नमाज अदा करने के लिए मस्जिदों में पहुंचे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। नमाज के बाद भी पुलिस बल प्रमुख स्थानों पर काफी देर तक तैनात रहा। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी जारी रहेगी।
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद की घटना के बाद पहले जुमे को लेकर बरती गई अतिरिक्त सतर्कता के बीच देवबंद में पूरे दिन माहौल शांतिपूर्ण बना रहा। स्थानीय लोगों ने भी शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग किया। नमाज सकुशल संपन्न होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
रिपोर्ट : समीर चौधरी/महताब आज़ाद।

0 Comments