देवबंद। नगर की प्रतिष्ठित समाजसेवी संस्था मानव कल्याण मंच, देवबंद की ओर से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छह शिक्षकों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज की प्रबंधक महामंडलेश्वर आशु गिरी ने कहा कि शिक्षक दिवस देश के महान शिक्षक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथि सीएचसी देवबंद की सीनियर चिकित्सक डॉ. रियंका चौधरी ने कहा कि शिक्षक दीपक की तरह स्वयं जलकर विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान का प्रकाश देते हैं और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। सम्मानित शिक्षक विजय गुप्ता ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की कला भी सिखाती है।
समारोह में श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय गुप्ता, श्री दिगंबर जैन इंटर कॉलेज की पूर्व अध्यापिका सुनीता रानी, श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज के पूर्व अध्यापक रामबोल शर्मा, एचएवी इंटर कॉलेज के अध्यापक सचिन जैन, एसकेपी हैप्पी स्कूल के उपप्रबंधक आलोक मित्तल तथा डिजिटल टेक्नोलॉजीज की सीटीओ मेघा शर्मा को सम्मानित किया गया। मंच के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक शिष्य के जीवन को दिशा देने के साथ उसके चरित्र निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। मनुष्य की पहली गुरु उसकी मां होती है, जबकि शिक्षक उसे ज्ञान, संस्कार और शिष्टाचार का पाठ पढ़ाकर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाता है। मंच के पूर्व अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षकों का अध्यापन कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया है, इसके बावजूद शिक्षक पूरी मेहनत और लगन से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मंच अध्यक्ष सुशील कर्णवाल ने संस्था की वर्षभर चलने वाली गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि मंच अध्यक्षा पूजा छाबड़ा ने मासिक कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। संचालन पूजा बंसल ने किया। इस दौरान महासचिव राजू सैनी, कोषाध्यक्ष सुनील बंसल, प्रमोद मित्तल, एडवोकेट रविंद्र कश्यप, शशि गुगलानी, सुरभि अग्रवाल, पूर्व अध्यक्षा प्रतिभा जैन, सचिव ममता वर्मा, कोषाध्यक्ष पूनम कौशिक, गुरमीत कोर, अंजलि त्यागी, रीता सिंह, रश्मि चौधरी, अंजना मिश्रा, रोजी कौर और मेघा मित्तल आदि मौजूद रहे।
समीर चौधरी/ महताब आज़ाद।

0 Comments