देवबंद: राजकीय डिग्री कॉलेज और खंड विकास कार्यालय सभागार में शनिवार को मिशन शक्ति के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआईजी अभिषेक सिंह ने महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया।
ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी अभिषेक सिंह ने कहा कि शिक्षा ही महिलाओं की सबसे बड़ी शक्ति है। महिलाओं को अपने करियर लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरे समर्पण और लगन से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं छोटा या बड़ा व्यवसाय शुरू कर सकती हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।
डीआईजी ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों और पुलिस की पहल के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिलाओं और छात्राओं को 1090, 112 और 181 महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजय त्यागी, कुलदीप त्यागी, प्रधान सुलतानपुर अनिल कुमार और बीडीओ अमित नारंग समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, राजकीय डिग्री कॉलेज में भी मिशन शक्ति के तहत कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीआईजी अभिषेक सिंह ने छात्राओं को महिला सशक्तिकरण के महत्व से अवगत कराते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।
महिला सब इंस्पेक्टर सुधा त्यागी और कोतवाल नरेंद्र शर्मा ने छात्राओं से अपील की कि वे किसी के बहकावे में आकर गलत कदम न उठाएं। उन्होंने कहा कि छात्राएं व महिलाएं स्कूल-कॉलेज या थानों में रखी शिकायत पेटिका में अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं, उनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। इस अवसर पर मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. टीना, डॉ. शाहनजर, प्राचार्य डॉ. अतुल शर्मा, डॉ. गौरव बालियान, डॉ. मोहम्मद आरिफ और डॉ. विनीत कुमार सहित कई शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।
समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

0 Comments