देवबंद: पश्चिमांचल निर्माण पार्टी एवं उत्तम प्रदेश निर्माण संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आज ग्राम जडौद जट, जनपद सहारनपुर स्थित पार्टी कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार के आवास पर एक जनजागरण कार्यशाला और "वृक्ष लगाओ–पर्यावरण बचाओ" गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सतेंद्र सिंह ने की जबकि संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता संजीव मलिक 'मासूम' ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास और जनहित को ध्यान में रखते हुए इसे अलग राज्य का दर्जा देने की मांग दोहराई।
उत्तम प्रदेश निर्माण संगठन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ की आबादी में से 8 करोड़ से अधिक लोग पश्चिमी हिस्से में निवास करते हैं, लेकिन उन्हें संसाधनों का केवल 18% हिस्सा मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं, उच्च शिक्षा संस्थान (जैसे AIIMS, IIT, IIM), और न्याय प्रणाली में असमानता है, जिससे क्षेत्र पिछड़ रहा है।
पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मासि ने कहा कि इतने बड़े प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाये रखना चुनौतीपूर्ण है, ऐसे में छोटे राज्यों के गठन से सुशासन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हाईकोर्ट बेंच की अनुपस्थिति से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय मिलने में भारी कठिनाई होती है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता संजीव मलिक ने बताया कि बेरोजगारी की समस्या विकराल रूप ले चुकी है, और क्षेत्र में रोजगार के उचित अवसर न होने से युवा पलायन को मजबूर हैं।
वहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करते हुए डॉ. सतेंद्र सिंह ने उपस्थित अतिथियों और कार्यकर्ताओं को पारिजात के पौधे भेंट किए और सभी से अपील की कि वर्ष में कम से कम दो पौधे लगाएं और उनका संरक्षण करें।
कार्यक्रम को उपसचिव शिवकुमार प्रधान, इमरान राव, डॉ. जसबीर सिंह, डॉ. ओमकुमार, कुलदीप शर्मा, राधेश्याम, जावेद, देवेन्द्र राणा, राजू आदि ने भी संबोधित किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।
0 Comments