हल्द्वानी की घटना को लेकर देवबंद में सतर्क रहा प्रशासन, आला अधिकारियों ने किया गश्त, सामान्य रूप से अदा की गई जुमे की नमाज।

देवबंद: उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई हिंसा के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर देवबंद में प्रशासन अलर्ट रहा। इस दौरान आला अधिकारियों ने दारुल उलूम व आसपास के क्षेत्र में गश्त किया, हालांकि नगर में सामान्य रूप से जुमे की नमाज अदा की गई और लोगों ने नमाज़ के बाद अल्लाह से दुआएं की।
उत्तराखंड के हल्द्वानी धार्मिक स्थल पर बुलडोजर कार्रवाई के बाद हुई हिंसा के बाद शुक्रवार को प्रशासन सतर्क रहा और जुमे की नमाज को लेकर आला अधिकारी देवबंद में डेरा जमा रहे। इस दौरान डीआईजी अजय कुमार साहनी ने एसपी देहात सागर जैन, एसडीएम अंकुर वर्मा, सीओ अशोक कुमार सिसोदिया और कोतवाली इंचार्ज संजय कुमार व पुलिस बल के साथ दारुल उलूम क्षेत्र, जामा मस्जिद, दारुल उलूम चौक, मस्जिद रशीद, पुलिस चौकी खानकाह सहित अन्य क्षेत्रों और शहर की बड़ी मस्जिदों के आसपास गश्त किया और लोगों से भाईचारे का आह्वान किया। वही नगर की बड़ी मस्जिदों और मुख्य चौक चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान भी तैनात दिखे।
हालांकि नगर में सामान्य रूप से जुमे की नमाज अदा की गई और नमाज अदा करके लोगों ने अल्लाह से दुआ की और अपने घरों को लौट गए, जिसके बाद अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली, वहीं खुफिया विभाग के अधिकारी भी अलर्ट रहे। इस मौके पर नगर शांति एवं सुरक्षा समिति के अध्यक्ष अंसार मसूदी, उत्तर प्रदेश जनकल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष चौ. ओमपाल सिंह, नजर फाउंडेशन के अध्यक्ष नजम उस्मानी, अंजर उस्मानी, मौलवी शहजाद कासमी, कफील अहमद आदि मौजूद रहे।

समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश