पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राणा की पुत्री प्रियंवदा राणा भाजपा में हुई शामिल, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने दिलाई सदस्यता।

देवबंद: देवबंद के कद्दावर नेता रहे पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजेंद्र सिंह राणा की पुत्री और सपा नेता कार्तिकेय राणा की बहन प्रियंवदा राणा सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई। बुधवार को लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। 
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले प्रियंवदा राणा का भाजपा में शामिल होना सपा के लिए बड़ा झटका हो सकता है।
बता दें कि राजेंद्र सिंह राणा देवबंद विधानसभा से दो बार (2003 और 2012 में) विधायक रहे और दोनों ही बार उन्हें राज्य सरकार में मंत्रालय मिला था, वह बसपा छोड़ कर सपा में आए थे, वह मुलायम सिंह यादव और आज़म खान के काफी करीब समझे जाते थे। 2015 में उनके निधन के बाद 2016 से देवबंद में सपा से उपचुनाव उनकी पत्नी ने लड़ा जबकि 2022 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर राजेंद्र राणा के बेटे कार्तिकेय राणा ने देवबंद से चुनाव लड़ा था, वह अभी भी समाजवादी पार्टी में है।

प्रियंवदा राणा ने बुधवार को अपने समर्थकों के साथ लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पर भाजपा की विधिवत सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस दौरान भाजपा नेताओं ने उनका पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर प्रियंवदा राणा ने कहा कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है और वह पार्टी को मजबूत करने के साथ ही पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगी। 
भाजपा सहारनपुर जिले के मीडिया प्रभारी नितिन गुप्ता ने बताया कि देवबंद विधानसभा के पूर्व विधायक एवं प्रदेश में मंत्री रहे स्वर्गीय राजेंद्र सिंह राणा की सुपुत्री वरिष्ठ समाजसेवीका प्रियंवदा राणा ने आज लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पर भाजपा की विधिवत सदस्यता ग्रहण की है।

समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश