देवबंद में पहली बार खिला कमल, भाजपा ने भारी अंतर से सपा प्रत्याशी को हराया, मंत्री कुंवर सिंह का बढ़ा कद, भाजपाइयों में खुशी की लहर।

देवबंद: धार्मिक नगरी देवबंद में बीजेपी ने अपने प्रतिद्वंदियों को चारों खाने चित करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री के बेहद करीबी भाजपा प्रत्याशी विपिन गर्ग ने पूर्व विधायक माविया अली की पत्नी सपा प्रत्याशी ज़हीर फातिमा को 4700 मतों के भारी अंतर से पराजित किया है। शानदार जीत से भाजपाइयों में खुशी की लहर है।

हाईवे स्थित गोकुल चंद रहती कन्या इंटर कालेज में बनाए गए मतगणना केंद्र पर शनिवार की सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच नगर के 22 वार्ड सभासद और पालिकाध्यक्ष पद के लिए मतों की गणना का कार्य शुरू हुआ। करीब दो घंटे बाद प्रथम चक्र की गणना पूर्ण होने पर भाजपा के विपिन गर्ग 6930 मतों के साथ सबसे आगे नजर आए। जबकि सपा की जहीर फातिमा को 1925, बसपा के जमालुद्दीन अंसारी को 934 और कांग्रेस के नौशाद कुरैशी को कुल 65 मत प्राप्त हुए। दूसरे चक्र में भाजपा के मत बढक़र 10950, सपा के 4025, बसपा के 1487, कांग्रेस के 118 हो गए। दोपहर करीब एक बजे तीसरा चक्र पूरा होने पर भाजपा 15687, सपा 6287, बसपा 1827 और कांग्रेस को 151 मत प्राप्त हुए। प्रत्येक चक्र की गणना होने के साथ-साथ भाजपा मत तेजी के साथ बढ़ते चले गए। चौथे चक्र की गणना के बाद भाजपा के मत बढक़र 20180 हो गए, जबकि सपा 9377, बसपा 2714 और कांग्रेस केवल 203 मतों तक ही पहुंच पाए। पांचवे चक्र की गणना के बाद सपा के वोटों में कुछ तेजी नजर आई लेकिन इसके बावजूद भाजपा प्रत्याशी 21513 मत प्राप्त कर 8 हजार से अधिक मतों से जीत की ओर बढ़ते चले गए। 

शाम करीब पांच बजे तक चुनाव की स्थिति पूरी तरह साफ हो गई। भाजपा छठे चक्र में 22379, सपा 16598, बसपा 6302 व कांग्रेस ने 438 मत प्राप्त किए। सातवें एवं अंतिम चक्र की गणना के बाद भाजपा प्रत्याशी विपिन गर्ग ने 22659 मत प्राप्त करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की। सपा की जहीर फातिमा 17959 मतों के साथ दूसरे, बसपा प्रत्याशी जमालुद्दीन अंसारी 7079 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नौशाद कुरैशी को केवल 483 मत प्राप्त हुए।

समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश