सहारनपुर में भाजपा और बसपा में कड़ा मुकाबला, मुस्लिम क्षेत्रों में मिले समर्थन से एक बार फिर खिल सकता है कमल।

सहारनपुर: (शिब्ली रामपुरी) सहारनपुर नगर निगम महापौर पद के चुनाव में भाजपा और बसपा की कांटे की टक्कर रही. जिससे इन्हीं दोनों में से किसी एक के सर कामयाबी का ताज सजने जा रहा है और माना जा रहा है कि यहां पर एक बार फिर सहारनपुर नगर निगम चुनाव में कमल खिल सकता है. पूर्व में भी यह सीट भाजपा के पास थी और संजीव वालिया सहारनपुर के मेयर बने थे।

सहारनपुर के चुनाव में पूर्व विधायक इमरान मसूद ने बसपा से अपनी भाभी को चुनावी मैदान में टिकट दिलवाकर मजबूती से चुनाव लड़वाया और समाजवादी पार्टी से सपा विधायक आशु मलिक के भाई को चुनावी मैदान में उतारा गया. भाजपा से जाने-माने चिकित्सक डॉक्टर अजय सिंह ने चुनावी मैदान में किस्मत आजमाई. यूं तो सपा प्रत्याशी को कामयाब बनाने के लिए खुद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहारनपुर में रोड शो किया लेकिन माना जा रहा है कि जिस तरह से भाजपा प्रत्याशी को मुस्लिम क्षेत्रों में भी समर्थन देखने को मिला उससे उनकी स्थिति काफी मजबूत बताई जा रही है. सहारनपुर में भाजपा ने कई मुस्लिम लोगों को पार्षद के चुनाव में टिकट देकर किस्मत आजमाने का मौका दिया और इन्होंने भी भाजपा प्रत्याशी की सफलता के लिए काफी प्रयास किए।

Post a Comment

0 Comments

देश