देवबंद की बेटी डॉ. रख़शंदा रूही मेहदी को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा सम्मानित, नगर के साहित्यकारों ने दी बधाई।

देवबंद: मध्य प्रदेश की उर्दू अकादमी, संस्कृत परिषद संस्कृति विभाग ने देश की मशहूर अफसाना निगार एवं लेखिका डॉ. रख़शंदा रूही मेहदी को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। जिस पर देवबंद के नामवर लोगों ने डॉ. रख़शंदा रूही मेहदी को बधाई देते हुए उनकी कलमी और साहित्यिक सेवाओं की प्रशंसा की है।

मध्य प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा वर्ष 2021-2022 में प्रकाशित पुस्तकों के लिए पुरस्कारों की घोषणा की है जिसमें छह राष्ट्रीय और 12 राज्य पुरस्कार शामिल है, राष्ट्रीय पुरस्कार में 51 हजार की धनराशि और राज्य पुरस्कार के लिए 31 हजार की प्रोत्साहित राशि देने की घोषणा की गई है। जिसके तहत जामिया मिल्लिया इस्लामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल दिल्ली की शिक्षिका और देवबंद निवासी अफसाना निगार और प्रसिद्ध लेखिका डॉ. रख़शंदा रूही मेहदी को उनकी पुस्तक 'मानसून स्टोर' के लिए राष्ट्रीय पुरुस्कार के लिए चुना गया है। देवबंद के साहित्यकारों ने उक्त सम्मान की घोषणा पर डॉ. रख़शंदा रूही मेहदी को बधाई देते हुए खुशी जताई और उनकी साहित्यिक सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि रख़शंदा रूही पिछले तीन दशकों से उर्दू साहित्य के क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं। इससे पूर्व रख़शंदा रूही मेहदी को उनकी सेवाओं के लिए दिल्ली सरकार सहित कई संगठनों और सरकारों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

विश्वविख्यात शायर डॉ. नवाज़ देवबंदी, कलमकार सैयद वजाहत शाह, डॉ. उबैद इकबाल आसिम,  प्रसिद्ध शायर डॉ. नदीम शाद देवबंदी, डॉ. शमीम देवबंदी, डॉ. महताब आजाद,  समीर चौधरी, डॉ. काशिफ अख्तर और वली वकास आदि सहित अन्य लोगों ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. रखशंदा रूही की साहित्यिक सेवाओं का दायरा पूरे विश्व में फैल रहा है और सरकारी स्तर पर उनकी सेवाओं की सराहना निश्चित रूप से देवबंद के लोगों खासकर उर्दू अदब से संबंध रखने वालों के लिए हौसला देने वाली है।

समीर चौधरी।

Post a Comment

0 Comments

देश