चंदेना कोली गांव में बोले जयंत चौधरी, प्रदेश की जनता ने कर लिया भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकने का फैसला।
देवबंद: राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जनता इस बार जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकेगी। कहा कि बाबा (योगी आदित्यनाथ) गर्मी निकालने की बात कहते हैं, लेकिन न तो वह नौजवान की गर्मी निकाल सकते हैं और न ही किसान की जिसका उदाहरण गाजीपुर बॉर्डर है।
शुक्रवार को रामपुर मनिहारान विधानसभा एवं देवबंद कोतवली क्षेत्र क्षेत्र के गांव चंदेना कोली में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे थे। कहा कि पहले चौधरी चरण सिंह और उसके बाद चौधरी अजीत सिंह ने सडक़ से लेकर संसद तक किसानों की लड़ाई लड़ी अब हम इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सत्तापक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा किसान की आय दोगुनी करने की बात कहती थी, लेकिन सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान को उसकी फसल का वाजिब दाम तक नहीं मिल रहा है।
जयंत चौधरी ने दावा किया कि सपा-रालोद गठबंधन ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जो वायदे किए हैं उन्हें सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा। जनसभा में पूर्व विधायक इमरान मसूद, चौधरी बख्तावर सिंह व रालोद प्रत्याशी विवेककांत ने भी विचार रखे। पूर्व विधायक मनोज चौधरी, विनोद तेजियान, शमीम मलिक, पूर्व प्रधान कालूराम, मास्टर रणबीर सिंह, चौधरी अर्जुन सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
समीर चौधरी।
0 Comments