देवबंद में शीतलहर ने जनजीवन को किया अस्त व्यस्त, पांच डिग्री तक लुढ़का पारा।

देवबंद में शीतलहर ने जनजीवन को किया अस्त व्यस्त, पांच डिग्री तक लुढ़का पारा।
                             फाइल फोटो।
देवबंद: शीतलहर और कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में दुबका दिया है। कई दिनों बाद रविवार को हलकी धूप जरूर खिली लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी का सितम कम नहीं हुआ। वहीं, कोहरे की चादर ने भी पूरे शहर को अपनी आगोश में ले रखा है। नगरवासियों ने पालिका प्रशासन से शहर में अलाव जलवाए जाने की मांग की है। देवबंद में सुबह शाम पारा चार से पांच डिग्री तक पहुंच रहा है।

पिछले पांच-छह दिनों से चल रही सर्द हवाओं और बढ़ते कोहरे ने जन जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग सर्दी से बचने के लिए घरों में दुबकने को मजबूर हो गए है। कई दिनों बाद रविवार को सूर्य देव ने दर्शन जरूर दिए लेकिन शीतलहर के कारण ठंड सितम कम नहीं हुआ। जबरदस्त ठंड का असर बाजारों में भी दिखने लगा है। देहात क्षेत्र से बेहद कम संख्या लोग खरीदारी के लिए शहर का रुख कर रहे हैं जिसके चलते बाजार सूने हो गए हैं। इतना ही नहीं कोहरे की चादर ने भी पूरे शहर को अपनी आगोश में लेना शुरू कर दिया है। जिसके चलते स्टेट हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार भी कम हो गई है। इतना ही नहीं सुबह के समय कोहरे और शीत लहर के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए भी खासी दुश्वारी हो रही है। कड़ाके की ठंड के बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण शहर में अलाव जलवाए जाने की व्यवस्था नहीं की गई है। वहीं, पालिका परिषद के सफाई निरीक्षक पोपिन कुमार का कहना है कि नगर के प्रमुख 6 चौराहों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। जल्द ही अन्य स्थानों पर भी अलाव जलवा दिए जाएंगे।

समीर चौधरी।

Post a Comment

0 Comments

देश