बॉलीवुड गायक शबाब साबरी ने दरगाह साबिर पाक पर चादर पेश कर मांगी अमन-चैन की दुआ।

पीरान कलियर (रुड़की)। बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक शबाब साबरी ने बुधवार देर रात विश्वविख्यात सूफी संत हजरत मखदूम साबिर कलियरी की दरगाह पर हाजिरी देकर चादर पेश की और देश व दुनिया में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। इस दौरान उन्होंने दरगाह से अपनी पुरानी आस्था और पारिवारिक जुड़ाव का भी उल्लेख किया।
शिमला समर फेस्टिवल से लौटते हुए पीरान कलियर पहुंचे शबाब साबरी ने अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलोरी के साथ दरगाह साबिर पाक में हाजिरी दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बचपन से ही वह अपने पिता स्वर्गीय इकबाल अफजल साबरी के साथ दरगाह पर आते रहे हैं और उन्हें विश्वास है कि इसी पवित्र चौखट की दुआओं और आशीर्वाद की बदौलत उन्हें बॉलीवुड में पहचान और सफलता मिली है।
शबाब साबरी ने कहा कि सूफी संत किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए होती हैं। उन्होंने कहा कि दरगाहें प्रेम, भाईचारे, आध्यात्मिक शांति और इंसानियत का केंद्र होती हैं, जहां हर धर्म और वर्ग के लोग बिना किसी भेदभाव के रूहानी सुकून हासिल करते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई और प्रसिद्ध फिल्म संगीतकार स्वर्गीय वाजिद खान भी जब इस क्षेत्र में किसी कार्यक्रम के सिलसिले में आते थे तो दरगाह साबिर पाक पर हाजिरी देना नहीं भूलते थे। शबाब साबरी ने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए कहा कि उर्स के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य कव्वाली महफिलों में उनके पिता इकबाल अफजल साबरी कई-कई सप्ताह तक पीरान कलियर में रहकर रूहानी माहौल से लाभान्वित होते थे।
इस मौके पर सहारनपुर से पहुंचे अधिवक्ता राव महबूब और समाजसेवी औसाफ गुड्डू ने बताया कि शबाब साबरी कई बार सहारनपुर में भी अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सहारनपुर के उद्योगपति अजय गुप्ता के आमंत्रण पर शबाब साबरी देश-विदेश में आयोजित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय शायर एवं उर्स कार्यक्रम समिति के संयोजक अफजल मंगलोरी, उदय कुमार मुसव्विर, विकास वशिष्ठ, बिट्टन त्यागी, इमरान देशभक्त, शायर अफरोज टांडवी, सलमान फरीदी, तौसीफ अहमद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। 

समीर चौधरी/ महताब आज़ाद।

Post a Comment

0 Comments

देश