देवबंद: मानव सेवा को समर्पित संस्था मानव कल्याण मंच, देवबंद द्वारा "नर सेवा नारायण सेवा" अभियान के अंतर्गत बुधवार को सख्त गर्मी में मजनूवाला रोड पर शर्बत वितरण शिविर का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों, श्रमिकों और आमजन को ठंडा मीठा शर्बत पिलाकर राहत पहुंचाई गई। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर शर्बत ग्रहण किया और संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।
शिविर का उद्घाटन नगर पालिका परिषद देवबंद के सभासद राजन छाबड़ा तथा मंच के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राजन छाबड़ा ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे व्यक्ति को मीठा शर्बत पिलाना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि जल की प्रत्येक बूंद अमूल्य है और यह सभी प्राणियों के लिए जीवनदायिनी है, इसलिए जल संरक्षण को प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व समझना चाहिए।
मंच के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने कहा कि मानव जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य मानवता की सेवा है और जल सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से व्यक्ति के भीतर अहंकार का नाश होता है और समाज में सद्भावना तथा परोपकार की भावना मजबूत होती है।
मंच अध्यक्ष सुशील कर्णवाल ने कहा कि मानव कल्याण मंच लगातार समाजहित में विभिन्न सेवा कार्यों का संचालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में निर्धनों, जरूरतमंदों और पीड़ितों की सहायता अवश्य करनी चाहिए। परिवार का पालन-पोषण तो पशु-पक्षी भी करते हैं, लेकिन दूसरों के दुःख-दर्द को समझकर उनकी मदद करना ही मनुष्य की वास्तविक पहचान है। निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।
मंच के महासचिव राजू सैनी ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से गर्मी के मौसम में शर्बत वितरण जैसे जनसेवा कार्य करती आ रही है और भविष्य में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम संयोजक एवं विशेष सहयोगी संजय सैनी ने कहा कि किसी भी संस्था के सेवा कार्य ही उसे लंबे समय तक समाज में जीवंत बनाए रखते हैं तथा समाज हमेशा सेवाभावी लोगों का ऋणी रहता है।
कार्यक्रम के अंत में मंच के सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए राजू सैनी और संजय सैनी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजीव शर्मा, प्रमोद मित्तल, जितेंद्र कश्यप, नंदकिशोर नागर, चंद्रप्रकाश गाबा, रविंद्र कश्यप एडवोकेट, राजकुमार जाटव, लोकेश वत्स एडवोकेट, आदेश सैनी, श्याम चौहान, गिरीश गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समीर चौधरी/महताब आज़ाद।

0 Comments