देवबंद: देवबंद के प्रतिभाशाली युवा और पत्रकार हाजी फिरोज खान के पुत्र डॉ. दानियाल खान ने चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के बल पर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे देवबंद क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है।
कज़ाकिस्तान स्थित इंटरनेशनल मेडिकल स्कूल, यूनिवर्सिटी ऑफ इंटरनेशनल बिजनेस (आईएमएस यूआईबी) के दीक्षांत समारोह में डॉ. दानियाल खान को औपचारिक रूप से एमबीबीएस की डिग्री प्रदान की गई। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण माना जा रहा है।
डॉ. दानियाल खान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा स्प्रिंग डेल पब्लिक स्कूल, देवबंद से प्राप्त की, जबकि आगे की शिक्षा जामिया इस्लामिया इशाअतुल उलूम, अक्कलकुवा (महाराष्ट्र) से हासिल की। उन्होंने देवबंद के एक प्रसिद्ध मदरसे से दीनी तालीम भी प्राप्त की है। शिक्षा के प्रति समर्पण और अनुशासित जीवनशैली ने उन्हें यह मुकाम दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. दानियाल खान की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों तथा क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही वरिष्ठ पत्रकार डॉ. फिरोज खान के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, व्यापारियों और गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर डॉ. दानियाल खान को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शुभचिंतकों ने कहा कि डॉ. दानियाल खान की सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी मेहनत और समर्पण यह संदेश देता है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर डॉ. फिरोज खान ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुत्र की सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की शुभकामनाओं, दुआओं और सहयोग का इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
समीर चौधरी।

0 Comments