मानवता की रक्षा के लिए सभी वर्गों का संयुक्त प्रयास जरुरी, देश में फैल रही नफरत को खत्म करने के लिए जमीयत उलमा-ए-हिंद के मुख्यालय में सद्भावना मंच के बैनर तले आयोजित विशेष सभा में सर्वधर्म के गुरुओं ने लिया हिस्सा।

नई दिल्ली: देश में फैल रहे नफरत के जहर को खत्म करने के लिए जमीयत उलमा-ए-हिंद ने दिल्ली स्थित मुख्यालय पर सद्भावना मंच के बैनर तले विशेष सभा का आयोजन किया। जिसमें सर्वधर्म की हस्तियां विशेषकर सनातन धर्म के गुरुओं ने हिस्सा लिया। इसमें मानवता की रक्षा के लिए सभी वर्गों के संयुक्त प्रयास को जरुरी बताया गया।

बृहस्पतिवार को मदनी हॉल में आयोजित हुई विशेष सभा में जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने सर्वधर्म के गुरुओं का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए कहा कि घृणा एवं भेदभाव से देश में नकारात्मक वातावरण पनपता है, जिससे देश के विकास और मानव सुरक्षा को बड़ी हानि पहुंचती है। मौलाना मदनी ने देश में सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए घृणा के कारणों को समाप्त करने और सभी वर्गों को मिलकर बुराई को खत्म करने पर बल दिया। उन्होंने सद्भावना की स्थापना को राष्ट्र की समस्या बताते हुए कहा कि हम विभिन्न संस्कृतियों और जीवन पद्धतियों का प्रतिनिधित्व करते हैं और यही हमारे देश की पहचान और विशिष्टता है। आज देश में जो स्थितियां पैदा हो रही हैं, उसे ठीक करने के लिए हमें अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को निभाना होगा। दिल्ली स्थित आश्रम के स्वामी चंद्रदेव महाराज, रोहिणी आश्रम दिल्ली के स्वामी सुरेंद्र पुरी महाराज ने संयुक्त रुप से कहा कि आपसी गलतफहमियां इस तरह साथ बैठने से दूर होंगी। धर्मगुरुओं के साथ बैठने से देश में शांति और सुरक्षा की स्थापना और स्थिरता में अवश्य मदद मिलेगी। स्वामी विश्व आनंद महाराज ने कहा कि अब समय आ गया है कि मौलाना महमूद मदनी के नेतृत्व में हम सब मिलकर देश में सद्भावना को मजबूत करेंगे। इसमें आचार्य विजय महाराज, सुशील खन्ना महाराज द्वारका मोड़, भूदेव शर्मा शाहदरा बॉर्डर दिल्ली, नवीन शर्मा नजफगढ़ दिल्ली, अमित कुमार, सरदार हरविंदर सिंह आदि ने भी विचार रखते हुए एकजुटता पर बल दिया।

इस विशेष सभा में नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के एस. रिजवान मंसूरी, तेजपाल सिंह बागपत, इकबाल सिंह बडौत, नीलम जनकपुरी, नीतू झा दिल्ली, हरियाणा बॉर्डर स्थित करण सिंह गुरुकुल सेंटर के सेवादार राजेश शर्मा, नरेश, सत्यप्रकाश फरीदाबाद, मोमिन सुभाष गुर्जर, मनु बाबा, रोशनी रहेजा, स्वामी विश्व आनंद जी महाराज गुजरात निवास दिल्ली, आचार्य विजय महाराज मुजफ्फरनगर, स्वामी तरसेम महाराज इंटरनेशनल यूबीएम मिशन, बाबा सुखदेव महाराज गाजियाबाद, आचार्य देवेंद्र महाराज गुड़गांव, भूदेव शर्मा, केके शर्मा, डॉ. रमेश कुमार जी, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में धर्मगुरुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अंत में संचालन कर रहे जमीयत सद्भावना मंच के संयोजक मौलाना मोहम्मद जावेद सिद्दीकी ने सभी का आभार जताया।

 समीर चौधरी।

Post a Comment

0 Comments

देश