बेहट: बेहट तहसील के गांव धौलाकुंआ की बड़ी मस्जिद में तरावीह की नमाज में कुरआन शरीफ मुकम्मल होने पर गांव वासियों ने अपने इमाम की दिल खोलकर सराहना की। इस मौके पर मस्जिद के इमाम कारी मोहम्मद अफजल को करीब 40 हजार रुपये नकद और एक नई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भेंट की गई। कारी मोहम्मद अफजल पिछले कई वर्षों से गांव की इस मस्जिद में इमामत के फर्ज अंजाम दे रहे हैं और अपनी दीनी खिदमत के चलते क्षेत्र में खासा सम्मान रखते हैं।
बीती रात उन्होंने तरावीह के दौरान कुरआन मुकम्मल किया, जिसके बाद सामूहिक दुआ का आयोजन हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। गांव वासियों ने इमाम साहब की सेवाओं और उनके आने-जाने में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए सामूहिक रूप से उन्हें यह तोहफा देने का फैसला किया। युवाओं और ग्रामीणों के सहयोग से नकद राशि और मोटरसाइकिल की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर मस्जिद के मुतवल्ली चौधरी सऊद ने बताया कि इमाम साहब को आने जाने में परेशानी होती थी, इसलिए गांव के लोगों ने मिलकर यह कदम उठाया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान दरअसल उनकी दीनी सेवाओं के प्रति अक़ीदत और मोहब्बत का इज़हार है। तोहफा प्राप्त कर कारी मोहम्मद अफजल ने खुशी जाहिर करते हुए सभी का शुक्रिया अदा किया और गांव वासियों के लिए दुआएं की। इस मौके पर चौधरी रागिब, हाजी मंसब, रफाकत, भूरा, असलम, मोहम्मद साजिद, हाफिज इनामुल हक, चौधरी परवेज आलम, मुन्तजिर, मुनव्वर, चौधरी शराफत, सद्दाम, ज़ीशान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
समीर चौधरी।

0 Comments