जामिया तिब्बिया देवबंद की ओर से हाशिमपुरा में बाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन।

देवबंद: अस्पताल जामिया तिब्बिया देवबंद की ओर से ग्राम हाशिमपुरा स्थित विशाल भारती मॉडर्न पब्लिक स्कूल में डिपार्टमेंट अमराज़-ए-अतफाल व नामोलूद के तत्वावधान में एक विशाल चाइल्ड हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें एवं उनके अभिभावकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा ने कहा कि अस्पताल जामिया तिब्बिया देवबंद द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से बच्चों के स्वास्थ्य की सही जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समय-समय पर स्कूल में इस प्रकार के हेल्थ कैंप लगाए जाने चाहिए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी स्कूल और अभिभावकों तक पहुंचती रहे।
अस्पताल जामिया तिब्बिया देवबंद के निदेशक डॉ. अनवर सईद ने कहा कि जामिया तिब्बिया देवबंद पिछले कई वर्षों से न केवल देवबंद बल्कि आसपास के क्षेत्रों के गरीब, निर्धन एवं असहाय लोगों की सेवा करता आ रहा है। इसी क्रम में आज विशाल भारती मॉडर्न पब्लिक स्कूल में बाल स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में करीब 140 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं तथा आवश्यक ब्लड टेस्ट भी कराए गए।
डॉ. अनवर सईद ने यह भी बताया कि एनसीआईएसएम, नई दिल्ली एवं क्यूसीआई, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आयुर्वेदिक एवं यूनानी कॉलेजों द्वारा इस प्रकार के बाल स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाना आवश्यक है।
चिकित्साधीक्षक डॉ. अहतशामुल हक सिद्दीकी ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के मेडिकल कैंप स्कूलों में आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति अभिभावक जागरूक होंगे। साथ ही गांव-देहात क्षेत्रों में भी समय-समय पर बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर में अस्पताल जामिया तिब्बिया देवबंद की ओर से डॉ. जुवेरिया हाशमी ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान स्कूल की शिक्षिकाएं आशा शर्मा, रेखा, सीमा, पूजा, योगिता, सरोज, उषा धीमान, सविता शर्मा, सुनीता धीमान, मिनाक्षी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। वहीं जामिया तिब्बिया देवबंद की छात्राएं आयशा मुसर्रत, मिस्बा नईम, सारा इब्राहीम, अरीबा, रिफत जहां, राधा रानी, फात्मा अंसारी, समरीन तथा मोहम्मद मुस्तकीम आदि ने शिविर के संचालन में सहयोग किया।

समीर चौधरी / महताब आज़ाद।

Post a Comment

0 Comments

देश