देवबंद: नगर पालिका परिषद देवबंद के प्रधान लिपिक पद से सेवानिवृत्त हुए मोहम्मद अकबर को उनकी लगभग 37 वर्षों की गौरवपूर्ण, ईमानदार और समर्पित सेवाओं के लिए नज़र फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष नजम उस्मानी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर एवं स्नेह पत्र भेंट कर सम्मानित किया। मोहल्ला खानकाह में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले नजम उस्मानी ने मोहम्मद अकबर के सम्मान में जारी स्नेह पत्र पढ़कर सुनाया। स्नेह पत्र में उनकी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, कर्मठता, सरलता, विनम्रता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की गई।
इस अवसर पर नजम उस्मानी ने कहा कि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ गुज़ारा गया सेवाकाल इंसान की सबसे बड़ी पहचान बन जाता है। मोहम्मद अकबर ने 37 वर्षों की अपनी सेवा के दौरान अपनी मेहनत, ईमानदारी और अच्छे व्यवहार से न केवल नगर पालिका का सम्मान बढ़ाया, बल्कि अपने सहकर्मियों और नगरवासियों के दिलों में भी विशेष स्थान बनाया है।
वहीं जर्रार बेग ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सरकारी पद से विदाई का नाम है, इंसान की अच्छी सेवाएं, नेक व्यवहार और उसकी यादें हमेशा लोगों के दिलों में ज़िंदा रहती हैं। मोहम्मद अकबर का शानदार सेवाकाल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल और प्रेरणा का स्रोत रहेगा। इस अवसर पर शाहनवाज उस्मानी, जर्रार बेग, समीर चौधरी, मुर्तज़ा कुरैशी, मो. कौकब, मो. ईसा, रिहान कुरैशी, शाकिर सलमानी, अब्दुल्ला शहज़ाद, नबील नौशाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में मोहम्मद अकबर ने नज़र फाउंडेशन की ओर से किए गए सम्मान के लिए सभी का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद भावुक और यादगार लम्हा है। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग और मोहब्बत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और भावुक माहौल में संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने मोहम्मद अकबर के स्वस्थ, सुखमय और सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं पेश कीं।
समीर चौधरी/महताब आज़ाद

0 Comments