कांग्रेस की "यूपी जोड़ो यात्रा" का देवबंद पहुंचने पर ज़ोरदार स्वागत, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर लगाया जनता से झूठे वादे करने का आरोप, बोले 'इंडिया गठबंधन' भाजपा को करेगा सत्ता से बेदखल।

देवबंद: गुरुवार को देवबंद पहुंची कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा का विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान यात्रा की अगुवाई कर रहे कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ की राजनीति कर रह जनता को गुमराह कर रही है। आम चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देने का काम करेगी।
देवबंद पहुंचने पर यूपी जोड़ो यात्रा का भायला रोड पर असगरिया मदरसे के निकट कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। इसके उपरांत यात्रा नगर में विभिन्न स्थानों पर होती हुई दारुल उलूम क्षेत्र में पहुंची जहां पर मस्जिद रशीद के निकट वरिष्ठ कांग्रेसी नेता साद सिद्दीकी के आवास पर स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की जनता को बेवकूफ बनाकर सत्ता हासिल कर रही है। हाल ही में राजस्थान में हुए चुनाव में जनता को 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था लेकिन चुनाव जीतने के बाद भाजपा अपने वादे से मुकर गई। अजय राय ने दो टूक कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और जनता के साथ धोखा करने वाली भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेगा। हालांकि सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि जो राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा उसी के अनुसार चुनाव मैदान में उतरा जाएगा। इसके उपरांत यूपी जोड़ो यात्रा नगर के दारुल उलूम चौक, बड़जियाउलहक, तल्हेड़ी चुंगी होते हुए गोपाली गांव के लिए रवाना हो गई। इस दौरान साद सिद्दीकी ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पगड़ी पहनकर स्वागत किया, वही साद सिद्दीकी ने देवबंद के इतिहास और देश की आजादी में देवबंद की कुर्बानियों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव भाटी, प्रदेश सचिव राहत खलील, प्रदेश सचिव विदित चौधरी, जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली, पूर्व विधायक इमरान मसूद, फिरोज आफताब, नगराध्यक्ष तंजीम सिद्दीकी, सलीम अहमद उस्मानी, लईक अंसारी, अफजाल कुरैशी, रेहान कुरैशी, वरयाम खान, अजय त्यागी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
माँ भगवती के किए दर्शन, मौलाना अरशद मदनी से मुलाक़ात।
देवबंद। यूपी जोड़ो यात्रा लेकर देवबंद पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय समेत अन्य पदाधिकारियों ने श्री त्रिपुर माँ बाला सुंदरी देवी शक्ति पीठ पहुंचे माँ भगवती के दर्शन किए। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस से पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जमीअत उलमा हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी की आवास पर पहुंचकर मुलाक़ात की और उनकी बहन के इंतकाल पर दुख प्रकट किया।
सांपला रोड पर हुई जनसभा।
उधर, सांपला रोड पर आयोजित जनसभा में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय के निशाने पर भाजपा ही रही। अजय राय ने कहा कि जिस तरह से संसद में मोदी सरकार विपक्ष की आवाज को दबा रही है वह लोकतंत्र की हत्या की कोशिश है। जिससे देश पूरे विश्व में शर्मसार हो रहा है। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, सहारनपुर प्रभारी विजित चौधरी, इमरान मसूद, चौ. मुजफ्फर, राहत खलील, गौरव वर्मा, तंजीम सिद्दीकी, अजय त्यागी, यासमीन राव, आरिफ मंसूरी और इमरान कुरैशी आदि मौजूद रहे।
समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश