देवबंद में भीम आर्मी प्रमुख के बाद अब कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला, राज्यमंत्री के गांव में दिनदहाड़े फायरिंग से खलबली।

देवबंद: रविवार को देवबंद में बेखौफ बाईक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला करके दहशत फैला दी। दिनदहाड़े भीम आर्मी कार्यकर्ता पर की गई फायरिंग की इस घटना को भीम आर्मी कार्यकर्ता भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर हुए जानलेवा हमले से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि इसे पुरानी रंजिश भी बताया जा रहा है। अभी पुलिस पूरे मामले की छानबीन में लगी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के सही कारणों को पुलिस द्वारा स्पष्ट किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पूर्व 28 जून 2023 को देवबंद में स्टेट हाईवे पर भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की गाड़ी पर कार सवार युवकों ने फायरिंग करके जानलेवा हमला किया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, इस घटना की पूरे देश में कड़ी निंदा की गई थी। हालांकि बाद में देवबंद और सहारनपुर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

रविवार की दोपहर राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह के गांव जड़ौदा जट में जन सेवा केंद्र चलाने वाले भीम आर्मी कार्यकर्ता राहुल पर दिनदहाड़े की गई फायरिंग में वह गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस घटना से भीम आर्मी कार्यकर्ताओं में कड़ा रोष देखने को मिल रहा है।

घटना के बाद कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष दीपक बौद्ध ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि पिछले दिनों देवबंद में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद पर भी हमला हुआ जिसमें उन्हें गोली लगी और अब कार्यकर्ताओं पर भी गोलियां चल रही है, साजिश के तहत भीम आर्मी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी को निशाने पर लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ज्ञापन दिए जाने के बावजूद भी भीम आर्मी कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं जो बड़ी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अगर कुछ हुआ तो उसका जिम्मेदार प्रशासन होगा और अगर आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करके उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई न की गई तो भीम आर्मी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस मौके पर मोनू चौधरी, सरदार मोहर सिंह, अजीत बावरा, रमेश राज गौतम, तीर्थपाल, जितेंद्र बोद्ध, आशु चंद्र आदि भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

समीर चौधरी।

Post a Comment

0 Comments

देश