जलभराव की समस्या से जूझ रहे देवबंद की इस कॉलोनी के लोगों ने घरों पर चस्पा किए 'मकान बिकाऊ' के पोस्टर, कालोनी के बाशिंदों की प्रशासन से समस्या के निराकरण की मांग।

देवबंद: कश्यप कालोनी के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात नही मिल पा रही है। अब कालोनी के लोगों ने परेशान होकर मोहल्ले से पलायन करने का मन बनाया है। कालोनी के कई लोगों ने अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ है, के पोस्टर चस्पा कर दिए है। कालोनीवासियों का आरोप है कि पूर्व में जल निकासी का माध्यम रहे तालाब पर अवैध कब्जे के कारण यह समस्या गहराई है। कालोनी के बाशिंदों ने प्रशासन से समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
शुक्रवार को रेलवे रोड स्थित कालोनी के 20 से अधिक लोगों द्वारा अपने घरों के बाहर मकान बिकाऊ है, के पोस्टर चस्पा कर दिए जाना चर्चा का सबब बना है। इस मामले में कालोनी निवासी सुनील ने बताया कि पूर्व में कालोनी से सटा हुआ कोकावाली नाम का तालाब था। करीब छह बीघा के इस तालाब में से चार बीघा पर अवैध कब्जे हो चुके है। बचे हुए दो बीघा तालाब पर भी कब्जे के प्रयास जारी हैं। जल निकासी का माध्यम न होने से अब बरसात में कालोनी की सडक़ें तालाब बन जाती है और उनके घरों में जलभराव हो जाता है। प्रशासनिक स्तर पर उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। कालोनी के ही चुन्नीराम, सुनील, सेवाराम, टीटू, मुकेश, प्रशांत, सुभाष, नानक, प्रदीप, अशोक, विजेंद्र, जितेंद्र, अनिल ने बताया कि जलभराव के चलते पालिका द्वारा पंप लगवा कर पानी निकलवा दिया जाता है, लेकिन फिर स्थिति जस की तस हो जाती है। इसका स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा है। अब तो जलभराव के चलते संक्रामक रोग फैलने का भी खतरा बन गया है। एसडीएम संजीव कुमार का कहना है कि वह स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे। कालोनीवासियों का समस्या का समाधान कराया जाएगा।


समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश