देवबंद में बोले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी "पीएम मोदी के कारण अयोध्या में हो रहा है भव्य राम मंदिर का निर्माण।"

देवबंद में बोले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी  "पीएम मोदी के कारण अयोध्या में हो रहा है भव्य राम मंदिर का निर्माण।" 
देवबंद: राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह के बुलावे पर देवबंद पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में श्री राम का भव्य मंदिर निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को स्टेट हाईवे पर स्थित मेपल्स एकेडमी में लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह द्वारा आयोजित श्री रामकथा के आयोजन में शामिल होने आए थे। 
सात दिवसीय राम कथा के पांचवे दिन राज्य मंत्री के विशेष आमंत्रण पर देवबंद पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सन् 1999 में जब वह अयोध्या गए तो देखा कि रामलला टैंट में विराजमान हैं। इसे देख उनका मन बड़ा व्यथित हुआ। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वहां भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा जिसे देखकर उनका मन प्रफुल्लित हो गया।
उन्होंने काशी पर बोलते हुए कहा कि जब वह 2002 में काशी गए थे तो वहां की स्थिति अलग थी लेकिन अब 19 साल बाद जब वह दोबारा काशी गए तो उन्हें भव्य काशी दिव्य काशी के दर्शन हुए। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही संभव हो सका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 साल के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि देश में धर्म और संस्कृति के उत्थान का कोई खंडकाल आया है वह खंडकाल यही है। करीब 10 मिनट के संबोधन के बाद पुष्कर सिंह धामी कथाव्यास शांतनु महाराज से आशीर्वाद लेकर उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कथा व्यास शांतनु महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भगवान श्रीराम का चित्र भेंटकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व देवबंद पहुंचने पर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी का राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने फूलों से जोरदार स्वागत किया। हालांकि इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी और कोई राजनीतिक बात नहीं की, उनका पूरा संबोधन धार्मिक वाणी से जुड़ा हुआ रहा, साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा उतराखंड में किए गए विकास कार्यों खासकर बद्रीनाथ और केदारनाथ जैसे मुख्य धार्मिक स्थलों के विकास पर भी प्रकाश डाला।

पुष्कर सिंह धामी के आगमन को लेकर स्टेट हाईवे पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे, खुफिया विभाग के साथ-साथ आला अधिकारी भी सतर्क नजर आए। देवबंद से हेलीकॉप्टर द्वारा वह देहरादून के लिए रवाना हो गए।

समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश