ईद-उल-अज़हा से पूर्व देवबंद में फ्लैग मार्च, डीएम-एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, दारुल उलूम, खानकाह और ईदगाह का निरीक्षण कर अधिकारियों ने शांति और भाईचारे की अपील की।

देवबंद: आगामी पर्व ईद-उल-अज़हा (बकरीद) को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने भारी पुलिस बल के साथ देवबंद क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया तथा दारुल उलूम, खानकाह और ईदगाह समेत विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी देवबंद, प्रभारी निरीक्षक देवबंद सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने कस्बे के मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त करते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाहों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जनपदवासियों से ईद-उल-जुहा का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और गणमान्य व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर पर्व को शांति, सौहार्द और पारस्परिक सहयोग के साथ मनाने का संदेश दिया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार ईद-उल-जुहा को लेकर जनपदभर में व्यापक और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे त्योहार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

समीर चौधरी।

Post a Comment

0 Comments

देश