फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से नाराज बलजीत कालोनी के लोगों का ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन, पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों से वार्ता कर खुलवाया जाम।

देवबंद: फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से नाराज बलजीत कालोनी के लोगों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मजनूवाला मार्ग पर जाम लगाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और नगरपालिका चेयरमैन विपिन गर्ग ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।

रविवार को काफी संख्या में बलजीत कालोनी के लोग मजनूवाला मार्ग पर पहुंचे और जाम लगा दिया। कालोनीवासियों का कहना था कि दो दिन पहले कालोनी का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बार बार शिकायत के बाद भी ऊर्जा निगम इस तरफ से लापरवाह बना हुआ है। श्याम चौहान, राजू सैनी, मोनू लाला, रवि चौधरी आदि का आरोप था कि निगम ने कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगा रखा है जो बार बार फुंकता रहता है। इस दौरान ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। हंगामे की सूचना पर रेलवे रोड पुलिस चौकी प्रभारी राजन पुंडीर और नगरपालिका चेयरमैन विपिन गर्ग मौके पर पहुंचे और उन्होंने निगम अधिकारियों से वार्ता की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला। एसडीएम एके चौरसिया ने बताया कि फुंके ट्रांसफार्मर के स्थान पर जल्द ही 250 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर रखा जाएगा।

समीर चौधरी/रियाज़ अहमद

Post a Comment

0 Comments

देश