शिवरात्रि पर शिव मंदिरों और शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए लगा भक्तों का तांता, मंकेश्वर महादेव मंदिर मानकी पर हुआ वार्षिक कांवड़ मेले का आयोजन।

देवबंद: शिवरात्रि पर नगर व देहात के शिव मंदिरों और शिवालयों पर जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों का तांता लगा रहा। बम-बम भोले के उदघोषों से मंदिर परिसर गुजायमान रहे। इस दौरान गांव मानकी स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मंकेश्वर महादेव मंदिर पर कावड़ मेले का आयोजन भी हुआ।

शिवरात्रि पर नगर व देहात के शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ा। क्षेत्र के प्राचीन सिद्धपीठ श्री मन्केश्वर महादेव मंदिर मानकी और सिद्धपीठ श्री नागेश्वर महादेव मंदिर घ्याना में जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लम्बी लम्बी कतारें लगी रहीं। सुबह सवेरे से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला शनिवार की शाम तक जारी रहा। नगर के बालगिरी महादेव मंदिर, श्री ग्यारहमुखी महादेव मंदिर, शिव चौक स्थित मंदिर, शिक्षक नगर कालोनी स्थित शिव मंदिर, अर्धनारीश्वर महादेव मंदिर बाबूपुर, अंबोली, मनोहरपुर, पिपलेश्वर महादेव मंदिर व प्राचीन शिव मंदिर चंदेना कोली में भी जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की सुबह के लेकर देर रात तक भीड़ जुटी रही।

हरिद्वार से कावड़ लेकर आए भोलों ने अपने अपने गांवों में स्थित शिव मंदिरों पर जलाभिषेक कर परिवार में सुख समृद्धि के लिए प्रार्थनाएं की। वहीं, मंकेश्वर महादेव मंदिर पर वार्षिक कावड़ मेले का आयोजन हुआ। जिसका उदघाटन पूर्व एमएलसी चौधरी गजे सिंह ने फीता का काट कर किया। मंदिर प्रांगण में सजी दुकानों पर खरीदारी करने के लिए बच्चों, महिलाओं व युवतियों आदि की भीड़ दिखाई पड़ी। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की व्यवस्था कड़ी नजर आई। ड्रोन कैमरों से भी पुलिस ने संदिग्धों पर निगाह रखी। एसडीएम संजीव कुमार सीओ रामकरन सिंह और कोतवाली प्रभारी एचएन सिंह भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

उधर, शिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर एवं देहात के मंदिरों में भंडारों का भी आयोजन किया गया। लोगों ने खीर, पूरी, हलवा, केले, जलेबी आदि का प्रसाद वितरित किया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की मंदिरों में भारी भीड़ रही।

समीर चौधरी/रियाज़ अहमद।

Post a Comment

0 Comments

देश